राजस्थान के जयपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हादसे में दूल्हा-दुल्हन की भी मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के जमवारामगढ़ के पास नेशनल हाईवे नंबर 148 (दौसा-मनोहरपुर हाईवे) पर हुआ है। इस हादसे में एक कार और कंटेनर के बीच भीषण टक्कर हुई है।

शादी के बाद एमपी से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मध्य प्रदेश से शादी समारोह के बाद लौट रहे थे। तभी उनकी कार सामने से आ रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में कुल 14-15 लोग सवार थे। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति की निम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
